हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के पिहानी चुंगी के पास शनिवार को नखासा बाजार के सामने बच्चों के लिए दूध लेने जा रहे राजमिस्त्री को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां डॉक्टराें ने युवक को मृत घोषित कर दिया। हादसे में तीन मासूम पुत्र और तीन पुत्रियों के सिर से पिता का साया उठ गया।
कोतवाली क्षेत्र के झबरापुरवा निवासी अतुल (36) राजमिस्त्री का काम करके परिवार का भरण पोषण करते थे। शनिवार सुबह वह रोज की तरह पिहानी चुंगी स्थित दुकान से दूध लेने के लिए घर से निकले थे। मृतक के चचेरे भाई विमलेश ने बताया कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे वह घर से पैदल ही गए थे। इस बीच नखासा बाजार के सामने शाहजहांपुर से आ रहा एक तेज रफ्तार वाहन उन्हें टक्कर मारते हुए भाग गया। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। भीड़ से कुछ लोगों ने अतुल को पहचान कर परिजन को सूचना दी। साथ ही पुलिस को भी फोन कर दिया।
मौके पर पहुंचे पुलिस और परिजन एंबुलेंस से उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां डॉक्टराें ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत का समाचार पाते ही परिजन में कोहराम मच गया। अतुल के परिवार में पत्नी यामिनी समेत पुत्री माधुरी, अनाया व अंशिका और पुत्र करन, दीपक और अनुराग हैं। मां कुसुमा और अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल समर बहादुर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजन की शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी।