हरदोई। बहनोई के साथ बाइक से ससुराल जा रहे युवक को हरदोई सीतापुर मार्ग पर रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। घटना में युवक की मौत हो गई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के तत्योरा निवासी लवकुश (30) राजमिस्त्री थे। उनके बहनोई छोटू लोनार कोतवाली क्षेत्र के इटोरिया गांव में रहते हैं। शुक्रवार की देर शाम लवकुश इटोरिया गए थे। वहां बहनोई छोटू से होली मिलने के बाद उसे साथ लेकर अपनी ससुराल बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के डही गांव बाइक से जा रहे थे।
देर रात हरदोई-सीतापुर मार्ग पर टड़ियावां थाना क्षेत्र के भोगईपुरवा गांव के पास रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। घटना में सिर के बल सड़क पर गिरे लवकुश को गंभीर चोटें आईं, बहनोई बाल-बाल बच गया। लवकुश को गंभीर हालत में अहिरोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिवार में पत्नी सीता और सात माह की एक पुत्री है। टड़ियावां के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि रोडवेज बस के बारे में जानकारी की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।