पचदेवरा। थाना क्षेत्र के ग्राम बिल्सर हिलन में बुधवार देर शाम नवविवाहिता का शव घर में लटकता मिला। घटना में घरेलू कलह की बात सामने आ रही है। वहीं मायके पक्ष ने दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।
पाली थाना क्षेत्र के ग्राम देवनियापुर निवासी नैंसी (20) की शादी एक वर्ष पूर्व पचदेवरा के ग्राम बिल्सर हिलन निवासी सोनपाल के साथ हुई थी। बुधवार देर शाम नैंसी का शव घर में पड़ी टिन शेड के अंदर रस्सी के फंदे के सहारे फांसी पर लटकता मिला। घटना में ससुराल पक्ष कुछ नहीं बता सका है। ससुरालियों ने मायके पक्ष को घटना की सूचना दी।
मायके से पिता ताराचंद्र अन्य परिजनों के साथ मौके पर आ गए। मृतक के पिता ने बताया कि ससुराली दहेज की मांगकर बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने बेटी की हत्या कर शव फंदे पर लटका दिया। एसओ अशोक यादव ने बताया कि घटना में घरेलू कलह की बात सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि मायके पक्ष की तरफ से तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।