माधौगंज (हरदोई)। तिलक समारोह से ताऊ के साथ लौट रहे दो सगे भाइयों की बाइक में बघौली माधौगंज मार्ग पर बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक बोलेरो में फंस गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई। गंभीर रूप से घायल ताऊ और दोनों भतीजों की मौत हो गई। चालक बोलेरो छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बोलेरो की पंजीकरण संख्या के आधार पर चालक के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। प्रत्यक्षदर्र्शियों के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
माधौगंज कस्बे के मोहल्ला गांधी नगर निवासी रज्जन सोनी (60) की गांधी नगर में पेंट की दुकान है। मंगलवार को वह भतीजों अमन सोनी उर्फ पुष्कर (21) और सुजल सोनी उर्फ शिवा (16) पुत्रगण नवल किशोर के साथ ग्राम पहुंतेरा में आयोजित तिलक समारोह में बाइक से गए थे। देर रात वहां से वापस आते समय माधौगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बघौली-माधौगंज मार्ग पर ग्राम बम्हटापुर के पास विपरीत दिशा से आई बोलेरो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। बाइक बोलेरो में फंसकर लगभग 100 मीटर तक चली गई। इसमें रज्जन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि पुष्कर और शिवा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी भेजा।
वहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर बता दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पुष्कर की सांसें थम गईं। परिजन शिवा को लेकर लखनऊ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष डीपी सिंह ने बताया कि बोलेरो को कब्जे में ले लिया गया है। पुष्कर के बड़े भाई आदर्श सोनी की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट बोलेरो चालक के खिलाफ दर्ज की गई है।
घर पर हो रहा था इंतजार, आई मौत की खबर
माधौगंज (हरदोई)। तिलक समारोह में शामिल होने गए रज्जन सोनी और उनके भतीजों अमन व सुजल की वापसी का इंतजार घर पर परिजन कर रहे थे। तिलक समारोह से निकलते समय अमन ने परिजनों को सूचना भी दी थी कि घर वापसी के लिए निकल रहे हैं। इसके कारण परिजन भी जाग रहे थे। घर पर इंतजार तो तीनों की वापसी का था, लेकिन आई बुरी खबर। परिजनों को तीनों के दुर्घटना में घायल होने की सूचना मिली थी और बताया गया था कि तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माधौगंज भेज दिया गया है। माधौगंज सीएचसी में ही परिजनों को पूरी घटना पता चली।
छह माह पहले ही हुआ था रज्जन की पत्नी का निधन
कस्बे में पेंट की दुकान चलाने वाले रज्जन सोनी की पत्नी का निधन छह माह पहले ही हुआ था। रज्जन के परिवार में पिंकी, डिंपी, शिंपी, मोना, सोना और एक पुत्र निर्मित किशोर हैं। चार पुत्रियों की शादी हो चुकी है।
कक्षा 11 का छात्र था सुजल
घटना में मृत दो सगे भाई अमन सोनी उर्फ पुष्कर और सुजल सोनी उर्फ शिवा चार भाई थे। अमन सोनी दूसरे नंबर का और सुजल सबसे छोटा था। अमन पिता नवल किशोर की सराफ की दुकान पर बैठकर उनका सहयोग करता था। सुजल कस्बे में ही एमएस पब्लिक स्कूल में कक्षा 11 का छात्र था। घटना से उनके बड़े भाई आदर्श सोनी उर्फ कुंदन व छोटे भाई वैभव का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। नवल किशोर भी बदहवास हो गए। बुधवार शाम को तीनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया। परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में मौजूद कस्बावासी भी घर पर शोक व्यक्त करने के लिए मौजूद थे। पूर्व विधायक धर्मज्ञ मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष अनुराग मिश्रा, सभासद शिवशंकर गुप्ता, व्यापारी नेता नवल माहेश्वरी, पूर्व सभासद अखिलेश गुप्ता, दिनेश सोनी परिवार को ढांढस बंधाते रहे। सराफा बाजार भी बंद रहा।