हरियावां। मायके में विवाहिता की शनिवार देर रात मौत हो गई। आरोप है कि ससुरालीजनों की पिटाई के कारण महिला घायल हुई थी। अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिए जाने पर परिजन उसे घर लेकर आए थे। रविवार सुबह लखनऊ जाना था लेकिन रात में ही उसकी मौत हो गई। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा भरा गया।
हरियावां थाना क्षेत्र के सुमई निवासी राबिया (25) का निकाह दो साल पहले टड़ियावां थाना क्षेत्र के खाड़ाखेड़ा निवासी नजाकत के साथ हुआ था। राबिया के भाई जमील ने बताया कि ससुरालीजनों ने दहेज के लिए बीती 19 सितंबर को राबिया के साथ मारपीट की थी। इसकी जानकारी पर जमील उसे मेडिकल कॉलेज हरदोई ले गया था। यहां से उसे हाॅयर सेंटर ले जाने की सिफारिश की गई थी। इस पर उसे हरदोई के ही एक प्राइवेट अस्पताल में परिजन ले गए थे। यहां से भी शनिवार रात उसे रेफर कर दिया गया।
परिजन उसे घर ले जाकर लखनऊ जाने की तैयारी कर रहे थे। घर में ही राबिया की मौत हो गई। इसकी सूचना जमील ने पुलिस को दी। नायब तहसीलदार अनुपम तिवारी की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरा गया। जमील ने ससुरालीजनों की पिटाई के कारण मौत होने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष वीर बहादुर ने बताया कि घटना संज्ञान में है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।