संवाद न्यूज एजेंसी
बेहटा गोकुल। थाना क्षेत्र के खनिगवां कला में संदिग्ध हालात में आग से जलकर विवाहिता गंभीर रूप से झुलस गई। उसे उपचार के लिए लखनऊ मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया। सोमवार सुबह उसकी लखनऊ में मौत हो गई। पत्नी को बचाने में पति भी मामूली रूप से झुलस गया।
खनिगवां कला निवासी रोहित खेती करता है। रोहित के मुताबिक उसकी पत्नी वंदना (30) रविवार शाम घर में ही गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी दौरान अचानक चूल्हे से आग निकली और वंदना को चपेट में ले लिया। वंदना ने शोर मचाया तो वह मौके पर पहुंचा और वंदना को बचाने का प्रयास किया। तत्काल वंदना को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया।
लखनऊ मेडिकल काॅलेज में उपचार के दौरान सोमवार सुबह वंदना ने दम तोड़ दिया। लखनऊ में ही पोस्टमार्टम कराया गया। वंदना को बचाने के प्रयास में पति रोहित भी मामूली रूप से झुलस गया। वंदना की शादी रोहित के साथ वर्ष 2012 में हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं।
वंदना का मायका शाहजहांपुर जनपद के जलालाबाद थाना क्षेत्र के गुरुगांव में है। बेहटा गोकुल के प्रभारी निरीक्षक रंधा सिंह ने बताया कि मीडिया के माध्यम से ही घटना की जानकारी हुई है। परिजनों ने इस बारे में काेई सूचना या तहरीर नहीं दी है।