- अब 15 साल के अंतराल पर जनगणना कराने की तैयारी
- 31 दिसंबर तक काम पूरा कराया जाना है
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। करीब 15 साल के अंतराल पर अब जनगणना कराने की तैयारी शुरू हो गई है। जनगणना के प्रारंभिक चरण में अर्बन (शहरी) और सेमी अर्बन (अर्ध शहरी) आबादी की मैपिंग कराई जा रही है। यह काम 31 दिसंबर तक पूरा कराया जाना है। मैपिंग के साथ ही नगरीय निकायों की सीमा और सीमा से सटी आबादी क्षेत्र का निर्धारण किए जाने के साथ ही अब क्षेत्रफल में भी बदलाव पर विराम लग जाएगा।
साल-2011 के बाद अब जनगणना कराए जाने की फिर से तैयारी शुरू हुई है। केंद्र सरकार की तरफ जनगणना कराने के लिए अर्बन और सेमी अर्बन आबादी और क्षेत्र की मैपिंग कराई जा रही है। जनगणना निदेशालय की व्यवस्था पर 13 नगरीय निकायों की मैपिंग कराई जा रही है। मैपिंग के साथ ही निकाय क्षेत्र की सीमा का भी निर्धारण किया जा रहा है। मैपिंग का काम 31 दिसंबर तक होना है। जिसमें बाद जनवरी 2026 से अगले चरण का काम होगा।
हरदोई और संडीला निकाय सीमा के आसपास तेजी से आबादी का विस्तार हुआ
एडीएम पीके त्रिपाठी ने बताया कि वैसे तो जिले में 13 नगरीय निकाय है। जनगणना निदेशालय ने सभी नगरीय निकायों में अर्बन आबादी की मैपिंग कराने की व्यवस्था दी है। वहीं जिले में नगर पालिका परिषद हरदोई और संडीला में अर्बन के साथ ही सेमी अर्बन आबादी की भी मैपिंग कराई जाएगी। हरदोई और संडीला निकाय सीमा के आसपास तेजी से आबादी का विस्तार हुआ है। सीमा से सटी आबादी शहरी सुविधाएं जैसी सुविधाओं का लाभ उठा रही हैं। जिससे नगरीय निकाय हरदोई और संडीला में ही अर्बन और सेमी अर्बन आबादी की मैपिंग होगी।
केंद्र सरकार की तरफ से जनगणना कराए जाने की तैयारी कराई जा रही है। जनगणना के प्रारंभिक चरण में अर्बन और सेमी अर्बन आबादी की मैपिंग कराई जा रही है। सेमी अर्बन आबादी को अर्बन श्रेणी में शामिल किया जा रहा है। मैपिंग का काम पूरा होते ही इसकी जानकारी जनगणना निदेशालय को भेजी जाएगी। -
प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी