अहिरोरी विकास खंड के परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण में खंड शिक्षा अधिकारी को कई टीचर विद्यालय से नदारद मिले। उन्होंने सभी के खिलाफ कार्रवाई करने की संस्तुति बेसिक शिक्षा अधिकारी से की है।
अहिरोरी विकास खंड के खंड शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने शनिवार को परिषदीय विद्यालयों को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय डिघियापुर की टीचर रीना देवी नहीं मिलीं। वह हस्ताक्षर करने के बाद विद्यालय से चली गई थी। विद्यालय का शौचालय भी बदहाल मिला। प्राथमिक विद्यालय डही में टीचर संगीता सिंह और मांडवी 21 नवंबर से विद्यालय में अनुपस्थित चल रही थी। विद्यालय में रंगाई पुताई का कार्य भी नहीं किया गया था।
जूनियर हाई स्कूल डही में टीचर निर्मला देवी, सरला देवी और संगीता सिंह विद्यालय से अनुपस्थित मिलीं। जूनियर हाई स्कूल सलेमपुर में बच्चों को ड्रेस वितरित नहीं की गई थी और बच्चों की शिक्षा का स्तर भी ठीक नहीें मिला। प्राथमिक विद्यालय सलेमपुर में कई दिनों से भोजन नहीं बनाया गया था।
प्राथमिक विद्यालय गुटिकामऊ में प्रशिक्षु टीचर गीता कुमारी और प्राथमिक विद्यालय फत्तेपुर में प्रशिक्षु शिक्षक अंजना गौतम अनुपस्थित मिली। विद्यालय के एक टीचरप्रार्थना पत्र देकर गायब थे। वहीं विद्यालय प्रधानाध्यापक भी बीईओ को बता कर चले गए थे। निरीक्षण में गड़बड़ी मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी ने बीएसए से कार्रवाई की संस्तुति की है। इससे विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।