- उपभोक्ता आयोग से जारी वसूली आदेश पर राजस्व टीम ने की कार्रवाई
- 41,75,000 रुपये की होनी है वसूली
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। उपभोक्ता को 666 ग्राम सोना या 41,75,000 रुपये अदा न किए जाने पर सोमवार को राजस्व टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। राजस्व टीम ने रेलवेगंज स्थित मणप्पुरम फाइनेंस लि. के कार्यालय को सील कर दिया है।
सदर एसडीएम एसके मिश्रा के निर्देशन में नायब तहसीलदार अनुपम तिवारी ने संग्रह अमीन अरविंद प्रताप, अंबुज कुमार वर्मा व शील त्रिपाठी की टीम के साथ सोमवार को मणप्पुरम फाइनेंस लि. कार्यालय पहुंचे। उपभोक्ता आयोग के वसूली आदेश पर संबंधित उपभोक्ताओं को सोना या रुपये अदा किए जाने के लिए कहा। बताया कि मणप्पुरम फाइनेंस लि. की ओर से अदायगी के संबंध में कोई प्रक्रिया न किए जाने पर कार्यालय को सील कर दिया गया है। उपभोक्ता आयोग की ओर से महोलिया शिवपार निवासी रामसनेही के वाद पर मणप्पुरम फाइनेंस लि. की शाखा रेलवेगंज को 666 ग्राम सोना या 37,30,000 रुपये अदा किए जाने का आदेश दिया गया है। जिसमें से 2,00,054 रुपये काटते हुए बचे रुपयों की अदायगी के लिए कहा गया था। 45 दिन के अंदर अदायगी न करने पर सात प्रतिशत ब्याज भी लगाने का आदेश दिया गया है। राजस्व टीम ने इसी आदेश पर मणप्पुरम फाइनेंस लि. के कार्यालय को सील कर दिया है।
महोलिया शिवपार निवासी रामसनेही ने उपभोक्ता आयोग में वाद दायर कर कहा था कि सोना गायब किए जाने का आरोप लगाया था। कहा था कि 8 अप्रैल 2021 को अपने पुश्तैनी जेवर 666 ग्राम मणप्पुरम फाइनेंस लि. की शाखा रेलवेगंज में करीब 22 लाख रुपये में गिरवी रखे थे। चार माह बाद जब उन्होंने मणप्पुरम फाइनेंस लि. में 19,00,000 रुपए जमा किए थे। जिसके बाद ब्याज सहित बकाया का ब्यौरा मांगा तो मणप्पुरम फाइनेंस लि. के कर्मचारी आज-कल कहकर टालते रहे। 12 फरवरी 2023 को कोतवाली देहात में भी तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने भी कोई कार्रवाई नहीं की थी।