हरदोई। लापता अधेड़ का शव सोमवार की सुबह गांव के बाहर बाग में पेड़ से फंदे पर लटकता मिला। परिजनों के मुताबिक गांव के ही कुछ लोगों से विवाद होने के बाद अधेड़ ने खुदकुशी की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
माधौगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़ियाखेड़ा निवासी रामसेवक (50) रविवार की सुबह से लापता हो गया था। सोमवार की सुबह गांव के बाहर स्थित आम के बाग में उसका शव एक पेड़ पर गमछे के फंदे से लटकता मिला। मौके से गुजर रहे ग्रामीणों ने शव लटकता देखा तो इसकी जानकारी पुलिस व परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंच गए। मृतक के भाई रज्जन ने बताया कि रामसेवक अविवाहित था। वह उसके साथ रहता था।
बताया कि रविवार को गांव के कुछ लोगों से किसी बात को लेकर रामसेवक की कहासुनी हो गई थी। जिससे आहत होकर उसने खुदकुशी कर ली है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ अमरजीत सिंह ने बताया कि अधेड़ ने खुदकुशी की है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।