हरदोई। सांडी थाना क्षेत्र में लूट की कथित घटना का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। प्लाट बेचकर मिले रुपयों में से भाइयों को हिस्सा न देना पड़े इसलिए युवक ने पूरी कहानी गढ़ी थी।पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के मटियामऊ निवासी कुमारा देवी (70) ने अपना एक प्लॉट हरपालपुर के लमकन निवासी विपिन पाल को 5.10 लाख रुपये में बेचा था। उनके पुत्र श्रीराम ने बताया था कि खरीदार ने तीन लाख रुपये पहले दे दिए थे, जबकि 2.10 लाख की दो चेक दी थीं। बृहस्पतिवार को पुलिस से की शिकायत में श्रीराम ने दावा किया था कि हरपालपुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से 2.10 लख रुपए लेकर वह बुधवार को मां के साथ सांडी तिराहा पहुंचे थे।यहां से से ऑटो में सवार होकर जा रहे थे और इसी बीच एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने हमला कर रुपयों भरा बैग छीन लिया था।
विरोध करने पर चाकू मार कर घायल कर देने का भी आरोप लगाया था। सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की गई।इस दौरान बताए गए घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल गए। यहां ई-रिक्शा से महिला गिरते हुए नजर आई लेकिन आसपास कोई और शख्स नहीं दिखा ।इसके बाद पुलिस ने ई रिक्शा चालक से पूछताछ की तो उसने बताया कि बृहस्पतिवार को श्री राम उसके घर आया था। बताया था कि पुलिस को लूट की शिकायत देने जा रहा है। यदि पुलिस पूछताछ करे तो लूट होना बता दे। इस पर पुलिस ने श्रीराम से पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि श्रीराम पर काफी कर्ज है। वह अपने भाइयों व अन्य को रुपयों से कोई हिस्सा नहीं देना चाहता था ।इसलिए उसने लूट की कहानी रची। सीओ ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।