कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मलौथा निवासी युवक का शव शुक्रवार को पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर थाना क्षेत्र में यमुना नदी में पड़ा मिला। युवक बुधवार शाम से लापता था। शव मिलने की सूचना पर परिजन दिल्ली रवाना हो गए। वहां शनिवार को पोस्टमार्टम कराया गया।
मलौथा निवासी सर्वेश पांडेय का पुत्र राहुल पांडेय (22) पूर्वी दिल्ली के बबाना इलाके में डायरी बनाने की फैक्ट्री में काम करता था। राहुल का बड़ा भाई रोहित भी दिल्ली में ही एक फैक्ट्री में काम करता है। बुधवार शाम से राहुल का मोबाइल बंद था। भाई रोहित और परिजन इसको लेकर परेशान थे। शुक्रवार को पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत यमुना नदी के बंधा चार के निकट युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची। तलाशी के दौरान उसके पास से डायरी मिली। इसमें राहुल के फतेहगढ़ में रहने वाले रिश्तेदार का नंबर लिखा था। पुलिस ने उनसे संपर्क कर घटना के बारे में बताया। रिश्तेदार ने रोहित को सूचना दी और मौके पर जाने को कहा। रोहित ने शव की शिनाख्त भाई राहुल के रूप में की।
10 को होना था तिलक
मलौथा से जुड़े राहुल के पारिवारिक सूत्र बताते हैं कि उसकी वरीक्षा सितंबर में हो चुकी थी। 10 नवंबर को राहुल का तिलक था और 10 जनवरी को शादी होनी थी। परिजन इसकी तैयारियों में लगे थे।