बिलग्राम (हरदोई)। कस्बा के मोहल्ला बजरिया में निर्माणाधीन मकान की नींव खुदाई में खजाना मिलने की चर्चाएं सच साबित हुईं। युवक की सूचना पर शनिवार को एसडीएम व सीओ ने मकान मेें छापा मारा। जहां से लगभग साढ़े चार किलो चांदी के पुराने जेवरात बरामद किए हैं। एसडीएम ने जेवरातों की जांच कराने की बात कही है।
बिलग्राम कस्बा के मोहल्ला बजरिया निवासी शोभित गुप्ता पुत्र रामनिवास गुप्ता का मकान बन रहा है। चार दिन पूर्व मकान की नींव खुदाई में मजदूरों को जेवरात भरे दो घड़े मिले थे। मजदूरों को हिस्सा देने की बात कहकर मालिक ने मामले को दबाने की कोशिश की थी। जब मजदूरों को कुछ हासिल नहीं हुआ। तो मजदूरों ने कस्बा में खजाना मिलने की चर्चा फैला दी थी। इसके बाद मकान मालिक के परिवार के हरिओम गुप्ता ने शनिवार को प्रार्थना पत्र देकर मकान में खजाना मिलने की शिकायत सीओ से एसआर कुशवाहा से की। मामला सीओ के संज्ञान में आने पर सीओ व एसडीएम रामविलास यादव ने पुलिस फोर्स के साथ मकान में छापा डाला। पूछताछ के बाद मकान मालिक ने पुलिस को नींव से बरामद जेवरात सौंपे। तौल कराने पर चांदी के लगभग एक किलो चार सौ साठ ग्राम जेवर निकले। एसडीएम ने बताया कि बरामद जेवरात कार्रवाई के बाद सरकारी खजाने में रख दिए जाएंगे।