हरदोई। जिला चिकित्सालय के रैन बसेरा में समुचित व्यवस्थाएं न देख देर रात निरीक्षण पर निकले जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। सीएमओ को तत्काल व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा शहर के कई चौराहों का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए।
शुक्रवार रात करीब 11 बजे जिलाधिकारी पुलकित खरे अधिकारियों की पूरी टीम के साथ जिला चिकित्सालय रैन बसेरा पहुंचे, जहां उन्हें बिजली, पानी व केयर टेकर की कमी दिखी। उन्होंने सीएमओ को तत्काल प्रभाव से इन कमियों को दूर करने के निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने रेलवे स्टेशन का रैन बसेरा भी देखा। इसके बाद उन्होंने कई चौराहों का भ्रमण किया। ठंड से कंपकंपाते देख उन्होंने कंबलों का वितरण किया। जिलाधिकारी पुलकित खरे ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देश दिए कि आगामी तीन दिनों के अंदर शहर के समस्त चौराहों से अतिक्रमण को हटवाते हुए सड़कों का चौड़ीकरण कराना सुनिश्चित करें। इसके उपरांत डीएम समेत सभी अधिकारी बिलग्राम चुंगी पर पहुंचे, जहां ठीक चौराहे पर लगे ठेले वालों को देखकर नाराजगी व्यक्त करते हुए हटवाने के निर्देश दिए। बिलग्राम चुंगी से बिलग्राम को जाने वाले रोड पर अंधेरा देखकर ईओ को स्ट्रीट लाइट लगवाने के निर्देश दिए। सोल्जर बोर्ड चौराहा, सिनेमा चौराहा व बिलग्राम चुंगी का स्थलीय निरीक्षण किया। इससे पूर्व डीएम ने कलक्ट्रेट रोड स्थित पुलिया का निरीक्षण करते हुए ईओ को पुलिया के चौड़ीकरण कराने को कहा। इसके बाद सोल्जर बोर्ड चौराहे पर चौराहे के चारों तरफ लगे अतिक्रमण को हटवाने को कहा। सिनेमा चौराहे के चारों ओर रोड को चौड़ी करने तथा चौराहे पर लगे बोर्ड व फुटपाथ की दुकानों को मौके पर जेसीबी बुलाकर हटवाया गया। इस अवसर पर एडीएम संजय कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट गजेंद्र कुमार, एसडीएम सदर राकेश कुमार गुप्ता, तहसीलदार सदर रामवीर सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।