हरदोई। चारबाग रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य और मेगा ब्लॉक ने दैनिक यात्रियों के लिए मुसीबतें खड़ी कर दी हैं। लखनऊ जाने वाली पैसेंजर ट्रेनों को भी पावर ब्लॉक की अवधि में चारबाग के बजाय अब आलमनगर स्टेशन पर ही रोका जा रहा है। स्टेशन में हो रहे बदलावों के कारण लागू की गई व्यवस्था ने यात्रियों को परेशान करके रख दिया है।
लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर एक के पुनर्विकास और नए कॉन्कोर्स निर्माण के लिए चार से 11 अप्रैल के बीच ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया गया है। इस कारण हरदोई से होकर जाने वाली ट्रेन 54337 और 54338 शाहजहांपुर से लखनऊ के बीच चलने वाली और ट्रेन 54331 और 54332 लखनऊ से बालामऊ के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेनों को चारबाग तक न लाकर आलमनगर स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट किया जा रहा है। यहीं से इन ट्रेनों को वापस गंतव्य के लिए रवाना भी किया जा रहा है। ऐसे में लखनऊ जाने वाले दैनिक यात्रियों समेत तमाम यात्रियों में भारी रोष है।
यात्रियों का कहना है कि आलमनगर से शहर के मुख्य हिस्से व चारबाग तक जाने के लिए ऑटो और ई-रिक्शों का सहारा लेना पड़ रहा है। ऐसे में यात्रियों को 100 से 200 रुपये तक अतिरिक्त खर्च करने पड़ रहे हैं। परिवहन के साधन भी सीमित हैं इससे देर शाम पहुंचने वाले यात्री विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। सीएमआई अंबुज मिश्रा ने बताया कि कार्य पूरा होते ही ट्रेनों का संचालन पूर्ववत शुरू हो जाएगा।