हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक घर का ताला तोड़कर चोरों ने नगदी और जेवर साफ कर दिए। सूचना पर पुलिस ने जांच पड़ताल की।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला वैटगंज निवासी शब्बन अली ड्राइवर थे। नवंबर में उनके निधन के बाद उनकी मां नफीसा बेगम, पुत्र शहनवाज के साथ परिवार के सदस्य रहते है। रविवार को सभी लोग रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने शाहाबाद चले गए। सोमवार की दोपहर घर पहुंचने पर चोरी का पता चला।
घर के दरवाजे और अलमारी के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। सूचना पर पुलिस ने पहुंच कर जांच पड़ताल की। शहनवाज ने बताया कि एक लाख 40 हजार रुपये, चांदी की पायल, चांदी का हार, सोने का हार, सोने की झुमकी, सोने की अंगूठी, साइकिल, सिलेंडर, सोने की चेन, दो सेट सोने , चार सोने की चूड़ियां, दो जोड़ी सोने की झुमकी, एक सोने का झूमर, दो जोड़ी सोने के मटर माला, दो जोड़ी सोने के टीके , दो सोने की अंगूठी आदि चोरी हो गए। शहर कोतवाल सुजीत दुबे ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। चौकी प्रभारी को जांच के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।