हरदेाई। छुट्टी पर गांव आए दुबई में लोको पायलट की नौकरी करने वाले युवक को ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली मौके पर छोड़कर भाग निकला।
बघौली थाना क्षेत्र के मजीदपुरवा निवासी विमलेश (36) दुबई में रहकर लोको पायलट की नौकरी करता था। दो माह पहले वह छुट्टी लेकर अपने गांव आ गया था। बृहस्पतिवार की शाम वह पत्नी रीता से बघौली बाजार जाने की बात कहकर बाइक से निकला था।
रास्ते में महमूदनगर के पास उसे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से विमलेश गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उसे सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय ले जाया जा रहा था, लेकिन लालपालपुर के पास उसकी मौत हो गई।
मोर्चरी में उसका शव रखवा दिया गया। शुक्रवार को देहात कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के परिवार में पत्नी रीता है। बच्चे नहीं हैं। थानाध्यक्ष रमेश सिंह सेंगर ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली को पुलिस ने कब्जे में लिया है। परिजनों से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।