- 23 फरवरी से ई-ऑफिस संचालित न होने पर नहीं मिलेगा वेतन
- ई-ऑफिस संचालन के लिए डीएसटीओ कार्यालय में सेल गठित
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। ई-ऑफिस के संचालन के प्रति 41 विभागों के अधिकारियों ने रुचि नहीं ली है। अब तक ई-ऑफिस संचालित न किए जाने पर डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने नाराजगी जाहिर की है। सभी को सात दिन का मौका दिया गया है। जिसके बाद फरवरी के वेतन भुगतान पर रोक लगाने और कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय को संस्तुति किए जाने की चेतावनी दी है।
सरकारी कार्यालयों में ई-ऑफिस के संचालन की मुख्यमंत्री ने प्राथमिकता के साथ ही 1 मार्च से अनिवार्य रूप से प्रभावी किए जाने की व्यवस्था दी है। सीडीओ सौम्या गुरूरानी ने शुक्रवार को ई-ऑफिस संचालन की समीक्षा में पाया कि 41 विभागों के अधिकारियों ने अभी ई-ऑफिस के न तो आईडी बनवाई हैं और न ही पत्रावलियों को ई-रिसिप्ट के माध्यम से भेजा जा रहा है। बताया कि ई-ऑफिस संचालन के लिए जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय में सेल का गठन किया गया है।
बताया कि गठित सेल में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। विभागों के अधिकारियों को ई-ऑफिस संचालन के लिए डाटा फीडिंग की प्रक्रिया और मार्गदर्शन के लिए रोस्टर भी जारी किया गया है। रोस्टर के अनुसार 17 फरवरी से विभागों को डीएसटीओ कार्यालय में सेल के माध्यम से ई-ऑफिस का संचालन शुरू कराने के आदेश दिए गए हैं।
ई-ऑफिस संचालन सेल में यह किए गए नामित
सीडीओ सौम्या गुरूरानी ने बताया कि ई-ऑफिस संचालन के लिए गठित सेल में अपर संख्याधिकारी सत्य प्रकाश सिंह के साथ शारदा नहर विभाग के वरिष्ठ सहायक अखिलेश शुक्ला, जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान के कनिष्ठ सहायक सज्जाद खां और पीडब्ल्यूडी के कंप्यूटर ऑपरेटर अभिषेक कुमार की ड्यूटी लगाई गई है।