सांडी। खेत पर फसल बचा रहा किसान शुक्रवार अल सुबह आकाशीय बिजली गिरने से उसकी चपेट में आकर झुलस गया। किसान की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम पिंडारी निवासी रामनिवास (55) गुरुवार की रात खेत में बोई गई मूंगफली की फसल बचा रहा था। शुक्रवार की अल सुबह मौसम बदल गया, तेज हवा के साथ बारिश हुई।
इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने पर उसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया। बदहवास परिजन मौके पर पहुंच गए।
बताया कि रामनिवास विवाहित था, उसके चार बेटे व तीन बेटियां हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
राजस्व निरीक्षक रमाकांत शुक्ला ने बताया कि पीड़ित परिजनों को आर्थिक मदद दिलाने के लिए एसडीएम को रिपोर्ट भेजी जा रही है।