फोटो-07- सदर तहसील में धरना देकर प्रदर्शन करते लेखपाल। संवाद
हरदोई। एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई से लेखपालों में रोष पनप गया है। अयोध्या में लेखपाल उत्कर्षदीप को साजिशन पकड़े जाने के विरोध में उप्र लेखपाल संघ के बैनर तले जिले भर के लेखपालों ने धरना-प्रदर्शन कर एकजुटता दिखाई। कार्य बहिष्कार के चलते लेखपाल थाना समाधान दिवस में नहीं गए इससे फरियादियों के काम नहीं हो सके और परेशान होना पड़ा।
संघ के प्रांतीय आह्वान पर शनिवार को लेखपाल अपनी-अपनी तैनाती तहसील में जुटे। यहां पर जमकर नारेबाजी की। अयोध्या की तहसील सोहावल में तैनात रहे लेखपाल उत्कर्षदीप को 20 अगस्त को एंटी करप्शन टीम की तरफ से पकड़े जाने की घटना को साजिश बताया। एसडीएम आशुतोष को दिए गए ज्ञापन में कहा कि सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्य कार्रवाई पर गंभीर सवालिया निशान लगा रहे हैं।
यहां पर तहसील अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव, मंत्री शैलेंद्र कुमार, ऐश्वर्य प्रकाश मिश्र, मनोज त्रिपाठी, आकाश गिरि, शिवेंद्र वर्मा, अशोक पटेल आदि लेखपाल मौजूद रहे। लेखपालों के कार्य बहिष्कार से थाना समाधान दिवस पर राजस्व से जुड़े मामलों का निस्तारण नहीं हो सका।
सवायजपुर प्रतिनिधि के अनुसार लेखपालों ने तहसील में धरना-प्रदर्शन किया। संघ के अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम शिवानी सिंह को सौंपा। कहा कि घटना से लेखपालों में नाराजगी है और पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। संघ के मंत्री अभिषेक द्विवेदी, राजेश शुक्ला, सतेंद्र सिंह, अजीत कुमार, कुशमंगल सिंह, श्यामवीर, विनीत यादव, विवेक सिंह, रोहित, रजनीश आदि मौजूद रहे।
केस एक :
-ग्राम नवरंगपुर निवासी मुन्नालाल शनिवार को थाना टड़ियावां पर थाना समाधान दिवस में आए। बताया कि जमीन के बंटवारे की शिकायत लेकर आए हैं। कई बार अधिकारियों को भी बता चुके। आज लेखपाल के न मिलने से लौटना पड़ रहा है।
-
केस दो :
-ग्राम अगौलपुर निवासी राजकुमार खसरा लेने पहुंचे थे लेकिन लेखपाल के मौजूद न होने पर उन्हें भी वापस जाना पड़ा। ऐसे ही टिकरा निवासी अनीश कुमार ने बताया कि करीब 10 माह पहले नीरू का खेत खरीदा था जिसका दाखिल-खारिज होना है। कई बार लेखपाल से संपर्क कर चुके हैं और आज समाधान दिवस में मिलने की उम्मीद थी लेकिन लेखपाल के न आने से निराश होकर लौटना पड़ा।