हरदोई। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मंगलवार को भोर होते ही जगह जगह शुरू हुआ योग शिविरों का आयोजन देर शाम तक जारी रहा। कई संस्थाओं के लोगों ने समय और सुविधा के अनुसार शिविर आयोजित कर दिवस को और भव्य बनाया। बारिश की बूंदों के बावजूद बच्चों और बूढ़ों के साथ जवान भी योग करने में पीछे नहीं रहे। शहर में कई स्थानों पर विभिन्न संस्थाओं ने योग शिविरों का आयोजन कर लोगों कोे योगाभ्यास कराते हुए योग के बारे में जानकारी भी दी।
भारतीय योग संस्थान पंजीकृत दिल्ली शाखा के तत्वावधान में बाल विद्या भवन में योग दिवस मनाया गया। मुख्य अतिथि प्रबंधिका कीर्ति सिंह ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है। अपितु जीवन की गहराई की अंतिम स्थिति में पहुंचा देना ही योग है। अध्यक्षता सत्यवीर प्रकाश आर्य ने की। इस मौके पर रामरूप यादव, रवीकांत त्रिपाठी, रूची गोयल, गीता गुप्ता, ऊषा नानवानी, सुलक्षणा तिवारी, सीता अग्रवाल, कृष्ण अग्रवाल, आनंद अग्रवाल आदि मौजूद रहे। इसी क्रम में वेणी माधव इंटर कालेज में योग संस्थान की प्रांतीय सदस्य सरोज श्रीवास्तव ने योगासन की विभिन्न मुद्राओं में योग कराया।
मुख्य अतिथि के रूप में डीएम विवेक वार्ष्णेय एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में अपर जिलाधिकारी केबी अग्रवाल ने भी योग में भाग लिया। इस मौके पर आकांक्षा समिति, योग संस्थान, भारत विकास परिषद, आर्ट आफ लिविंग, तायल टीवीएस, जिला क्रीड़ा विभाग, वेणी माधव प्रबंधक समिति के पदाधिकारी अनुज अग्रवाल, नरेश गोयल, बालकृष्ण जिंदल, राजवर्धन, प्रदीप गुप्ता, आईएन गुप्ता, डा. अजय मिश्रा आदि मौजूद रहे। इस दौरान बालिकाओं ने आत्मरक्षा को लेकर जिलाक्रीड़ाधिकारी अनिमेष सक्सेना से सीखे जौहर भी दिखाए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को सम्मानित भी किया गया।
विश्व योग दिवस पर अग्रवाल धर्मशाला, रेलवेगंज में भी ध्यान योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें प्रशिक्षक राजीव गुप्ता व अनुपम सिंह ने योग कराया व इसके बाबत जानकारी दी। इस मौके पर आलोक सिंह, संतराम यादव, प्रदीप गुप्ता, ज्ञानेंद्र कुमार, संगीता, नीता सिंह, कंचन, रामौतार गुप्ता, रामकुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।