- दो लोग गंभीर रूप से घायल, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के देवीपुरवा गांव में खेत के कब्जे और गिरवी भूमि के विवाद ने बुधवार को जमकर लाठी डंडे चले। इसमें एक ही परिवार की महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पर भर्ती कराया गया है। इसमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
देवीपुरवा गांव में धान की रोपाई के दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडे व धारदार हथियार चलने लगे। पीड़ित पक्ष के रामभजन के पोते अंकित ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले गांव निवासी राकेश ने अपना खेत रामभजन के भतीजे विमलेश के पास गिरवी रखा था। बुधवार को उनका परिवार उसी खेत में धान की रोपाई कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान विपक्षी पक्ष ट्रैक्टर और धारदार हथियार लेकर पहुंचे और जबरन खेत की जोताई शुरू कर दी। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में रामभजन, उनके बेटे नरेंद्र, भतीजे विमलेश, प्रेमपाल औना उनकी पत्नी प्रियंका घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। रामभजन और नरेंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हरदोई मेडिकल कॉलेज भेजा गया। प्रभारी निरीक्षक इख्तियार हुसैन ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।