बेहंदर। कासिमपुर थाना क्षेत्र के संडीला-मल्लावां मार्ग पर गौरी खालसा के पास शनिवार सुबह थार ने बाइक सवार मजदूर को टक्कर मार दी। मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक कार मौके पर छोड़ कर भाग निकला।
कछौना कोतवाली क्षेत्र के बघौड़ा निवासी मोहित कुमार (18) संडीला की एक फैक्टरी में काम करते थे। शनिवार सुबह फैक्टरी जाने के लिए घर से बाइक से निकले थे। संडीला-मल्लावां मार्ग पर गौरी खालसा गांव के पास संडीला की तरफ से आ रही तेज रफ्तार थार ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में मोहित की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक घनश्याम राम ने बताया कि घटना संज्ञान में है। थार पुलिस के कब्जे में है। परिजन से शिकायत मिल गई है। कार चालक की तलाश की जा रही है।