हरदोई। बिजली व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए बुधवार को कोयल बाग कॉलोनी उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति करीब डेढ़ घंटे बंद रही। इस दौरान सबसे अधिक परेशानियों का सामना अस्पताल रोड फीडर से जुड़े हड्डी विभाग के मरीजों को करना पड़ा। शहर के अन्य उपकेंद्रों पर ट्रिपिंग जारी रहने से भी उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शहर की बिजली व्यवस्था को बेहतर करने के लिए भारी भरकम बजट खपाया गया है। इसके बाद भी लोकल फॉल्टों पर लगाम नहीं लग पा रही है। आए दिन किसी न किसी कारण से घंटाें बिजली गुल रहती है। बुधवार को भी कोयल बाग कॉलोनी उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्र में करीब डेढ़ घंटे तक बिजली गुल रही। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कोयल बाग कॉलोनी उपकेंद्र के उपकरणों की मरम्मत का काम कराया जा गया है।
इस कारण उपकेंद्र से जुड़े अस्पताल रोड फीडर, कचहरी और पुलिस लाइन फीडर बंद रहा। इसमें सबसे अधिक दिक्कत अस्पताल रोड फीडर से जुड़े हड्डी रोग विभाग के वार्ड में भर्ती मरीजों को उठानी पड़ी। दोपहर दो बजे गई बिजली करीब साढ़े तीन बजे सुचारू होने पर लोगों को राहत मिली। इसके अलावा महोलिया शिवपार से जुड़े गोशाला फीडर, भरिगवां फीडर पर सबसे अधिक ट्रिपिंग से उपभोक्ता परेशान रहे। सांडी रोड उपकेंद्र के चार नंबर बाबा मंदिर और छह नंबर फीडर पर भी ट्रिपिंग दिन भर जारी रही। कोयल बाग कॉलोनी उपकेंद्र के एसडीओ कुलदीप शिवहरे ने बताया कि उपकरणों की मरम्मत के लिए शटडाउन लिया गया था।