हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के मदारा गांव में शुक्रवार रात बारिश के दौरान कच्ची कोठरी ढहने से मलबे में दबकर वृद्धा की मौत हो गई। मृतका के पुत्र का कहना है कि अंत्योदय कार्डधारक होने के बाद भी किसी भी योजना में आवास नहीं मिला।
मदारा निवासी रामरानी (80) शुक्रवार रात घर में बनी कोठरी में सो रही थी। देर रात बारिश के दौरान कोठरी ढह गई। मलबे में रामरानी दब गई। चीख सुनकर परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम गईं। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस व राजस्व विभाग को दी। मृतका के सात बेटे हैं।
रामरानी सबसे छोटे बेटे मेवाराम के साथ रहती थी। मेवाराम ने बताया कि मां के नाम अंत्योदय कार्ड था। पात्र होने के बाद भी मां को पीएम आवास नहीं मिला। जमीन भी थोड़ी सी थी। मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं। शनिवार सुबह राजस्व टीम ने घटना की जांच की।