हरदोई। कोहरे और बदली में सूरज मंगलवार को दिन भर गुम रहा। धूप के दर्शन न होने व बर्फीली हवाओं ने लोगों को कंपकंपाने पर विवश कर दिया। ठिठुरन बढ़ने से दिन में भी अलाव व हीटर जलाकर लोग सर्दी से अपना बचाव करते दिखे। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शीतलहर अभी कुछ दिन और सताएगी।
सोमवार को पहाड़ की ओर से चलने वाली शीत लहर का प्रकोप देर रात और बढ़ गया। मंगलवार को बदली व कोहरे के कारण सूरज के बादलों में लुकाछिपी के खेल के चलते दिन में भी पारा दो डिग्री नीचे गया और लोग कंपकंपाते नजर आए। मौसम वैज्ञानिक रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 13 डिग्री और न्यूनतम 5 डिग्री रिकार्ड किया गया। उन्होंने संभावना व्यक्त की कि बुधवार को भी कोहरे व बदली का प्रभाव रहेगा।
रूम हीटरों व ब्लोअर की खूब हुई बिक्री
अपने अपने संसाधनों के अनुसार लोगों ने सर्दी से बचाव किया। किसी ने आग जलाकर सर्दी से बचाव करने का प्रयास किया तो किसी ने रूम हीटर व ब्लोअर खरीदे। मंगलवार को शाम होते ही सड़कों पर जगह-जगह अलाव जलते दिखाई दिए।
फोटो-5-सोल्जर बोर्ड चौराहे पर बोगी पर ठिठुरकर जाते व्यापारी। संवाद- फोटो : HARDOI
फोटो-6-कलक्ट्रेट परिसर में आग तापते लोग। संवाद- फोटो : HARDOI