पाली में घटना के दौरान मौजूद लोग।
- फोटो : amarujala
पाली। थानाक्षेत्र के मुडे़र गांव के पास रविवार को ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से बाइक सवार कन्नौज जिले के युवक की मौत हो गई और उसका फर्रुखाबाद निवासी मामा घायल हो गया। हालत गंभीर होने के चलते मामा को जिला अस्ताल से लखनऊ रेफर किया गया है। ट्रैक्टर में सिर टकराने से हेलमेट टूट गया और सिर में चोट लगने से युवक की जान चली गई।
कन्नौज के विशुन नगर थाना के खरौली निवासी शिव कुमार का बेटा चंदन (24) का ननिहाल फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र किथूरपुर निवासी पुत्तूलाल के यहां है। शनिवार को मामा प्रेम चंद्र के भतीजे महेश की शादी में किथूरपुर गया था। शाम को मामा प्रेमचंद्र के साथ बाइक से याकूबगंज बारात गया था।
बारात से देर रात चंदन और प्रेमचंद्र किथूरपुर लौट गए थे। प्रेमचंद्र का ससुराल पाली थाना के लौकहा में है। रविवार सुबह प्रेमचंद्र और चंदन बाइक से लौकहा के लिए निकले थे। मुड़ेर के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चला रहे चंदन के सिर में गंभीर चोटें आई थी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह हेलमेट लगाए था। हेलमेट टूटकर चकनाचूर हो गया। राहगीराें की सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रेमचंद्र को एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया।
जहां पर हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की जानकारी पर परिजन पहुंचे। पुलिस ने पूछताछ के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। प्रभारी एसओ एसएसआई स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बताया कि मामले की पड़ताल कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।