- नहर कोठी की भूमि को कराया जाएगा अतिक्रमण मुक्त
- शासन ने काम कराने के लिए 21.67 लाख रुपये भी दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। नहरों के रख-रखाव और अधिकारियों और कर्मचारियों के विश्राम के लिए अंग्रेजों के जमाने में बनीं नहर कोठियों को संरक्षित किए जाने पर शासन और विभाग ने ध्यान दिया है। सिंचाई और जल संसाधन विभाग के प्रस्ताव पर शासन ने शारदा नहर के द्वितीय उपखंड के कमरौली स्थित नहर कोठी को संरक्षित जाने के लिए 27.04 लाख रुपये की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति दी है। काम कराने के लिए भी 21 लाख से अधिक रुपये भी दे दिए हैं।
सिंचाई और जल संसाधन विभाग की तरफ से विभागीय संपत्तियों को सुरक्षित और संरक्षित किए जाने की दिशा में शुरू किए गए काम में शासन ने भी गंभीरता दिखाई है। शारदा नहर विभाग की तरफ से कमरौली नहर कोठी को संरक्षित किए जाने के लिए विभागीय प्रमुख अभियंता के माध्यम से शासन को प्रस्ताव भेजा था।
शासन की तरफ से प्रस्ताव पर मुहर लगाए जाने की जानकारी संयुक्त सचिव राजीव कुमार वत्स ने पत्र के माध्यम से दी है। उन्होंने कहा है कि मुख्य अभियंता को वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति की जानकारी दी गई है। शासन ने कमरौली नहर कोठी को संरक्षित किए के साथ ही भूमि को भी अतिक्रमण मुक्त कराने और चारदीवारी भी बनवाए जाने पर मुहर लगाई है। शासन ने इसके लिए 27 लाख चार हजार रुपये की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति दी है। जिसमें से काम कराने के लिए 21 लाख सड़सठ हजार रुपये भी दे दिए हैं।
शारदा नहर के उपखंड द्वितीय क्षेत्र के कमरौली स्थित नहर कोठी की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए चारदीवारी बनाए जाने के साथ ही नहर कोठी को संरक्षित किए जाने के लिए शासन ने प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। शासन ने काम कराने के लिए रुपये भी दे दिए हैं। जल्द ही काम कराए जाने की प्रक्रिया पूरी करा ली जाएगी।- एके चौधरी, अधिशासी अभियंता शारदा नहर