संडीला। चोरों ने कोतवाली पुलिस को चुनौती देते हुए बैंक के सेवानिवृत्त कैशियर के मकान को निशाना बनाया। चोर यहां से तीन पीढि़यों के लगभग एक करोड़ रुपये कीमत के जेवर और तीन लाख रुपये चोरी कर ले गए। घर की बहू का प्रसव होने के कारण पूरा परिवार मकान में ताला डालकर 13 दिन से लखनऊ में था। मंगलवार देर रात वापस आने पर घटना का पता चला। पुलिस ने बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज की।
कोतवाली क्षेत्र के टिकरा कला निवासी कृष्ण कुमार शुक्ला भारतीय स्टेट बैंक से कैशियर के पद से सेवानिवृत्त हैं। उनका पुत्र अशोक शुक्ला लोक निर्माण विभाग में ठेकेदारी करता है। अशोक के मुताबिक, परिवार की बहू रीमा का प्रसव होना था। इसके लिए परिवार के सभी सदस्य रीमा को लेकर लखनऊ गए थे। मकान में ताला बंद था।
मंगलवार देर रात पूरा परिवार वापस आया तो मकान की कुंडियां कटी मिलीं। अंदर जाने पर सामान भी बिखरा पड़ा मिला। दावा है कि तीन पीढि़यों के जेवर घर में रखे थे। इनमें पांच सौ ग्राम सोने के जेवर, पांच किलो चांदी के जेवर शामिल हैं। चोरों ने मकान में रखे तीन बक्सों और दो अलमारियों के ताले तोड़कर सारे जेवर चोरी कर लिए। बेटी अंजली का तिलक 25 फरवरी को जाना है। इसके लिए रखे तीन लाख रुपये भी चोर ले गए।
घटना का पता चलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी पर संडीला कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी जरूरी नमूने जुटाए। कोतवाल विद्या सागर पाल ने बताया कि घटना संज्ञान में है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। गांव के ही एक शख्स से पूछताछ भी की जा रही है। दावा किया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।