हरदोई। शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र के बाशिंदों के लिए राहत भरी खबर है। आंझी शाहाबाद, जमुरा मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन ने मंजूर कर दिया है। 14 किलोमीटर लंबी सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के बाद इसका नए सिरे से निर्माण कराया जाएगा। इस कार्य पर 22,01,70,000 रुपये खर्च होंगे। शासन ने 11 करोड़ 85 हजार रुपये जारी भी कर दिए हैं।
पिछले कुछ वर्ष में शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र के ज्यादातर प्रमुख मार्गाें का पुनर्निर्माण कराया जा चुका है। आवश्यकता के मुताबिक मार्गाें को चौड़ा भी किया गया है। क्षेत्रीय विधायक और प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी से स्थानीय लोगों ने जमुरा मार्ग को चौड़ा कराने के साथ ही नए सिरे से इसका निर्माण कराने की मांग की थी। इस पर रजनी तिवारी ने मुख्यमंत्री से मिलकर बात रखी थी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर मार्ग निर्माण के लिए प्रस्ताव मांगा गया था।
लोक निर्माण विभाग के खंड एक के अभियंताओं ने मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा था। 14 किलोमीटर लंबी इस सड़क को चौड़ा करने समेत अन्य कार्य कराने के लिए अब शासन ने 22 करोड़ एक लाख 70 हजार रुपये का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है। इसके सापेक्ष 11 करोड़ 85 हजार रुपये का बजट भी जारी कर दिया है। लोक निर्माण विभाग के खंड एक के अधिशासी अभियंता मनिंदर सिंह ने बताया कि बुधवार को ही इसे लेकर शासन का आदेश जारी हुआ है। निविदा प्रक्रिया पूरी कराने के साथ ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र के लोगों की ज्यादातर मांगों को मुख्यमंत्री के माध्यम से पूरा कराया गया है। जमुरा मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव स्वीकृत कर बजट जारी करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करती हूं। अभियंताओं से अपेक्षा है कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरा कराएं। -रजनी तिवारी, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री
25 गांवों के 20 हजार लोगाें को मिलेगी राहत
आंझी शाहाबाद-जमुरा मार्ग अभी तीन मीटर चौड़ा है। इसकी चौड़ाई बढ़ाकर सात मीटर की जाएगी। इस सड़क के चौड़ा होने से आंझी, सिकंदरपुर, कठमा, फत्तेपुर गयंद, बूढ़नपुर, जमलापुर, जमुरा, समेत लगभग 25 गांवाें के 20 हजार लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। इस मार्ग के निर्माण से किसानों को गन्ना चीनी मिल तक ले जाने में भी आसानी रहेगी। इस इलाके में ज्यादातर किसान गन्ने की खेती करते हैं। यहां से कुछ ही दूरी पर लोनी चीनी मिल भी है। दो हजार से अधिक लोगों का आवागमन इस सड़क से हर राेज होता है।
फोटो-27-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पुष्पगुच्छ देतीं उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी। आर