हरदोई। हरियावां थाना क्षेत्र के ग्राम बीरमखेड़ा में झोलाछाप के इलाज से मासूम की मौत हो गई। परिजनों ने गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बीरमखेड़ा निवासी नोमिता (8) को एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। बुधवार को उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई थी। परिजन उसे पड़ोस के मदरावां गांव में झोलाछाप के यहां ले गए थे। परिजनों ने बताया कि झोलाछाप ने नोमिता के कमर में इंजेक्शन लगा दिया। दूसरे दिन इंजेक्शन लगे स्थान पर फोड़ा बन गया।
शुक्रवार को उसकी तबीयत बिगड़ गई तो परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। देर शाम उसने दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर घर चले गए। शनिवार सुबह परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने गलत इंजेक्शन से मासूम की मौत होने की बात कही है। मृतका दो भाई बहनों में छोटी थी। प्रभारी निरीक्षक अनिल सक्सेना ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।