पिहानी कसबे के प्राचीन कब्रिस्तान में हो रहे अवैध
कब्जे को रोके जाने की मांग को लेकर कस्बावासियों ने शनिवार को कलक्ट्रेट
परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया तथा जिलाधिकारी को एक ज्ञापन देकर कार्रवाई
की मांग की।
मिली जानकारी के अनुसार, कलक्ट्रेट परिसर में ज्ञापन से
पूर्व पिहानी थाना क्षेत्र के मोहम्मद यूनुस ने बताया कि पिहानी के प्राचीन
कब्रिस्तान की भूमि पर कुछ दबंग अवैध कब्जा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि
कब्रिस्तान की भूमि नंबर 1050 है, जो सुन्नी वक्फ बोर्ड में दर्ज है,
जिसका वक्फ नंबर 585 है।
इसमें उन लोगों के पूर्वजों की कब्रें हैं और
वर्तमान समय में भी मृतकों को दफनाते चले आ रहे हैं। अब कुछ लोग कब्रिस्तान
की पड़ी भूमि को अवैध रूप से कब्जा कर रहे हैं। कसबेवासियों ने आरोप लगाया
कि जब कसबावासियों ने इस अवैध कब्जे करने से मन किया, तो उन्हें अपशब्द
कहते हुए जान से मारने की धमकी भी दे दी गई।
हद तो तब हो गई जब शुक्रवार को
शाम को भूमि पर कब्जा करने के लिए मिट्टी भी डलवाने लगे। आरोप
लगाया कि कसबेवासियों के विरोध करने पर मारपीट करने पर भी ये लोग उतारू हो
गए। इस दौरान कसबेवासियों ने जिलाधिकारी रमेश मिश्र को ज्ञापन देकर
कब्रिस्तान की भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे की जांच कराकर रोकने की मांग की
है।
लोगों ने कहा कि इससे लोगों की भावनाएं आहत हो रही हैं और कभी भी कोई
बड़ी मारपीट की घटना हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस
मौके पर नवी हसन, मो. लईक, मासिम, हासिम एवं इकबाल आदि समेत दर्जनों लोग
मौजूद थे।