संडीला। कोतवाली गए वकील से एसएसआई ने अभद्रता कर मोबाइल जमा करा उसे हवालात के पास बैठा दिया। इसकी जानकारी मिलते ही अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष समेत कई वकील कोतवाली पहुंच गए। इस पर कोतवाल ने मोबाइल वापस करा वकील को छोड़ दिया। अधिवक्ता ने संघ के पदाधिकारियों के साथ एसएसआई के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीओ अमित किशोर श्रीवास्तव को प्रार्थना पत्र सौंपा है।
अधिवक्ता कुलदीप कुमार गौतम मंगलवार सुबह मुवक्किल के साथ कोतवाली गए थे। अधिवक्ता का कहना है कि वहां आए एसएसआई सीपी सिंह ने उनके साथ अभद्रता की। उसने परिचय दिया, लेकिन एसएसआई ने सब अनसुना कर उनका मोबाइल छीन लिया और अपशब्द कह उसे हवालात के पास बैठा दिया। कुलदीप ने किसी तरह कोतवाली आए एक अन्य व्यक्ति के मोबाइल से पूरे मामले की जानकारी अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजकुमार सिंह चंदेल को दी। अध्यक्ष राजकुमार सिंह चंदेल और वकील कोतवाली पहुंच गए। मामला संज्ञान में आने पर कोतवाल ने एसएसआई से अधिवक्ता का मोबाइल वापस करा खेद जताया। अध्यक्ष राजकुमार सिंह चंदेल ने बताया कि तहरीर दी गई है, अगर इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होती है तो अधिवक्ता आंदोलन करेंगे। सीओ अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि अधिवक्ता की प्रार्थना पत्र मिला है, जांच कराई जा रही है।