प्रदेश सरकार की समाजवादी पेंशन योजना की जनपद में अभी शुरुआत भी नहीं हो पाई थी कि अभी से पेंशन पात्रों के चयन पर अंगुलियां उठने लगीं। विकास खंड टड़ियावां के नानकगंज ग्रंट ओमपुरी के जरूरतमंदों ने पेंशन सूची में पात्रों की जगह अपात्रों को शामिल करने का आरोप लगाया। जरूरतमंदों ने सचिव को सस्पेंड करने और पेंशन सूची की दूसरे अफसर से जांच कराने की मांग की।
सूबे में समाजवादी पेंशन योजना को सीएम ने हरी झंडी दे दी और अब जल्द ही जिले में भी प्रभारी मंत्री पात्रों को परिचय पत्र बांटेंगे, पर इसके पहले ही चयनित पात्रों में धांधली की शिकायत आने लगी है। पेंशन सूची में पात्रों की जगह अपात्रों को शामिल करने की बात सामने आई है। टड़ियावां के नानकगंज ग्रंट ओमपुरी में तो सैकड़ों लोगाें ने गांव से अपात्रों को ही सूची में शामिल करने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों ने कहा कि पेंशन की सूची में जिनके नाम शामिल हैं, वह सभी पैसे वाले हैं। उनके पास पक्का मकान और कई के पास चार पहिया वाहन भी हैं, जबकि गांव में ऐसे तमाम लोग हैं जो मजदूरी करते हैं या आवासविहीन हैं। कुछ तो ऐसे हैं जो भूमिहीन, विधवा, विकलांग और नेत्रहीन हैं।
उनको भी सूची में स्थान नहीं दिया गया। गांव के लोगाें ने सचिव पर सुविधा शुल्क लेकर अपात्रों का नाम शामिल करने की बात कही। शुक्रवार को कलक्ट्रेट आए ग्रामीणों ने पत्र नगर मजिस्ट्रेट को दिया। साथ ही सीडीओ से भी शिकायत की। उन्हाेंने सचिव को सस्पेंड कर दूसरे अफसर से जांच कराने की मांग कर धरना दिया। इस मौके पर कमला, सरोजनी देवी, लज्जावती, रीनू, संजू, सुनीता, ऊषा व सरला आदि मौजूद थीं।