राशन के नवीन कार्डों को बनाने में धांधली की शिकायत लेकर शुक्रवार को विकास खंड हरियावां के खेरिया निवासियों ने कलक्ट्रेट में धरना देकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने राशन कार्ड की सूची में पात्रों को हटाकर मृतकों के नाम से कार्ड नंबर जारी करने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की।
उन्हाेंने जिलाधिकारी को संबोधित प्रार्थना पत्र देते हुए कार्डों में संशोधन कराने की मांग भी की। विकास खंड हरियावां के खेरिया गांव के निवासियों ने बताया कि उनके अंत्योदय, बीपीएल व एपीएल कार्ड वर्ष 05 से बने हुए हैं, पर वर्तमान में राशन कार्ड की जो सूची इंटरनेट पर डाली गई, उसमें तमाम अनियमितता है। गांव की सूची में तमाम ऐसे लोगों के नाम हैं जो गांव में नहीं रहते हैं।
इतना ही नहीं कोटेदार के सगे संबंधी और घर परिवार के लोग शामिल हैं। उनके कार्ड के नंबर से दूसरे व्यक्तियों के फर्जी कार्ड की सूची फीड हैं, जिसमें उन लोगों के नंबर के आगे ऐसे नाम लिखे हैं जो अब मृतक हो चुके हैं। बताया कि वह लोग अत्यंत गरीब हैं और राशन कार्ड से मिलने वाले अनाज पर अधिक निर्भर रहते हैं, लेकिन अब जो सूची इंटरनेट पर दिख रही है, उससे स्पष्ट है कि उन लोगों का नाम हटाकर अपात्रों और मृतकों के नाम से सूची बनाकर फर्जीवाड़ा करने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट लक्ष्मी शंकर सिंह को दिया। ग्रामीणाें ने राशन कार्ड की सूची में किए गए फर्जीवाड़े की जांच कराने और संशोधन कर नई सूची जारी करने की मांग की। इस दौरान राजाराम, दयाराम, संदीप कुमार, सतेेंद्र कुमार, बाबूराम, रमेश चंद्र, राममूर्ति, संतोष कुमार, रामरूप और लालता प्रसाद आदि मौजूद थे।