हरदाेई। नंदना और चंद्रमपुर के बीच नवनिर्मित पैंटून पुल का लोकार्पण मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने किया। 81.47 लाख रुपये से बने इस पुल में 26 पैंटून इस्तेमाल किए गए हैं। पुल का निर्माण होने से लगभग 20 गांवों के लोगों को राहत मिलेगी। इन गांवों के लोगों काे आवागमन के लिए पुल न होने पर 20 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता था।
रामगंगा नदी पर नंदना में पुल निर्माण की मांग लंबे समय से चल रही थी। यहां स्थायी पुल का निर्माण न हो पाने की स्थिति में स्थानीय लोगों ने पैंटून पुल बनवाए जाने की मांग क्षेत्रीय विधायक से की थी। विधायक के प्रयासों से पुल का निर्माण कराने के लिए शासन को आगणन भेजा गया था। शासन ने प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए कार्य कराने के लिए 81.47 लाख रुपये अवमुक्त किए थे। अब पैंटून पुल का निर्माण पूरा हो गया है। लोकार्पण कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि डॉ. रजनीश त्रिपाठी, ब्लॉक प्रमुख सांडी अनिल राजपूत, जिला पंचायत के पूर्व सदस्य संजय पाठक, प्रधानसंघ के अध्यक्ष आलोक सिंह, चंद्रमपुर के प्रधान अश्वनी श्रीवास्तव, नंदना के प्रधान मंगल सिंह यादव आदि मौजूद रहे।
इन गांवों के ग्रामीणों को मिलेगा फायदा
चंद्रमपुर, नंदना, गंगानगर, खजुरियापुरवा, सुफ्तीपुर, ब्रजवासीपुरवा, तिवारीपुरवा, दुलारपुर, भुलभुलियापुर, आलमपुर, रामनगर, अंधनिया, नाऊपुरवा, टिक्कापुरवा, मझरियापुरवा, पतारपुरवा, सिसरइयापुरवा, गौड़ापुरवा, जगन्नाथपुरवा आदि गांवों के लोगों को आवागमन में फायदा मिलेगा।