पाली/भरखनी (हरदोई)। थाना क्षेत्र के रमापुर गांव में अग्निकांड में उपज जलने के सदमे में सोमवार को वृद्धा ने फांसी लगाकर जान दे दी। वृद्धा पर केसीसी का करीब पौने दो लाख रुपये का कर्ज था। पुलिस ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पाली थाना क्षेत्र के रमापुर गांव निवासी जगरूप पुत्र माखन के खेत में सोमवार को आग लग गई। खेत में खड़ी नौ बीघे गेहूं की फसल राख हो गई। परिवार के लोग और पड़ोसी आग पर काबू करने के लिए खेत गए थे। घर में जगरूप की मां रुचनी (60) अकेली थी।
सदमे में वृद्धा ने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घर लौटे जगरूप ने शव लटका देखकर शोर मचाया। पड़ोसी आ गए। जगरूप ने बताया मां के नाम 15 बीघे जमीन है। उसमें से नौ बीघा में गेहूं की फसल बोई थी। आग लगने से पूरी फसल जल गई है। फसल के लिए केसीसी से बैंक आफ इंडिया की पाली शाखा कर्ज लिया था। ब्याज सहित कर्ज 1 लाख 70 हजार रुपये पहुंच गया था। इस बार अच्छी फसल से उम्मीद थी। इसी सदमे में उन्होंनेे जान दे दी।