बिलग्राम। भुगैयतापुर में जमीन के विवाद को लेकर मंगलवार शाम दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने ईंट-पत्थर व लाठी-डंडे से एक-दूसरे की पिटाई कर दी। इसमें 12 लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाया गया। चिकित्सक ने गंभीर हालत देखते हुए चार को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
भुगैयतापुर निवासी लखपति व राम सजीवन के बीच जमीन का विवाद चल रहा है। जमीन पर दोनों का हक है। दोनों पक्ष जमीन के टुकड़े का आगे का हिस्सा लेना चाहते हैं। इसी बात को लेकर मंगलवार शाम दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों ओर से लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर चले। एक पक्ष के लखपति (60) व उनके परिवार के अरुण (24), धीरज (45) व सोनकली (57) घायल हो गए। दूसरे पक्ष से रामसजीवन (48), रामसिंह (43), रामदेवी (38), सर्वेश्वरी (34), सुबी (18), बिजरानी (33), विजय पाल (38) व अशोक (32) घायल हो गए।
घायलों को सीएचसी लाया गया। चिकित्सक ने एक पक्ष से लखपति व अरुण व दूसरे पक्ष से अशोक व रामदेवी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। कोतवाल अरविंद राय ने बताया कि जमीन के विवाद के चलते मारपीट हुई है। दोनों ओर से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।