हरदोई। विधानसभा चुनाव से पहले बेनीगंज पुलिस ने पलियाराय सिंह गांव स्थित आम के बाग में चल रही अवैध असलहा फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने राइफल व बंदूक समेत भारी संख्या में अवैध असलहे बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया है।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी राजेश द्विवेदी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के पलियाराय सिंह गांव स्थित आम के बाग में अवैध असलहा फैक्टरी चल रही थी।
बुधवार को पुलिस ने दबिश देकर बेनीगंज के पलियाराय सिंह निवासी मैकू व लोधौरा निवासी बालकराम को गिरफ्तार कर लिया। मौके से एक देसी बंदूक , एक राइफल व 10 तमंचा व पांच अधबने तमंचे, कारतूस और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए।
एसपी ने बताया कि आरोपी बालक राम बेनीगंज कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके विरुद्ध थाने में गैंगस्टर समेत 13 मामले दर्ज हैं। दूसरे आरोपी मैकू पर चार मामले दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।