संवाद न्यूज एजेंसी
पिहानी। नगर पालिका परिषद की ओर से मोहल्ला मिश्राना में बनवाई जा रही सड़क और नाली की गुणवत्ता पर लोगों ने सवाल उठाए हैं। शिकायत के बाद अधिशासी अधिकारी ने गुरुवार को नाली निर्माण रुकवा दिया है। अवर अभियंता को तलब कर जानकारी ली।
कस्बा के मोहल्ला मिश्राना में नगर पालिका परिषद की ओर से नाली बनवाई जा रही है। नाली निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी पर शिकायत के साथ ही सोशल मीडिया पर भी लोगों ने सवाल उठाए हैं। अधिशासी अधिकारी अमित कुमार ने काम पर रोक लगा दी।
अवर अभियंता को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं की मौजूदगी में मौका-मुआयना किया जाए। जांच में जो भी तथ्य सामने आएं उन्हें रिपोर्ट में शामिल किया जाए। बताया गया कि मोहल्ला मिश्राना में सड़क व नाली निर्माण के लिए करीब 25 लाख रुपये का इस्टीमेट स्वीकृत हुआ है।
मंगलवार से नाली निर्माण शुरु हुआ तो, मोहल्ले के वैभव मिश्रा आदि ने घटिया सामग्री के प्रयोग और पुरानी नाली की लीपापोती कर इसे नया दिखाए जाने की शिकायतें सोशल मीडिया से लेकर ईओ से की। ईओ ने बताया कि काम में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा।