हरदोई। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के मध्य फोन न उठाने की शिकायत की समस्या के समाधान के लिए संवाद सेतु एप लॉन्च किया गया। जिला प्रभारी मंत्री समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने एप को लॉन्च किया। अधिकारी के फोन न उठाने पर जनप्रतिनिधि संवाद सेतु पर जानकारी दर्ज करा सकेंगे।
जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि अधिकारी सीयूजी मोबाइल को अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और कॉल रिसीव भी करें। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संवाद सेतु एप का शुभारंभ किया गया। इसमें गाजियाबाद, कन्नौज और हरदोई के अधिकारी-जनप्रतिनिधि जुड़े। जिलाधिकारी ने स्वामी विवेकानंद सभागार में संवाद सेतु एप लॉन्च-शुभारंभ पर वीडियो कांफ्रेंसिंग में प्रभारी मंत्री का आभार जताया। कहा कि व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि सीयूजी मोबाइल नंबर का उपयोग करें और कॉल का जवाब अनिवार्य रूप से दें। सरकारी कार्यों के लिए पर्सनल नंबर का प्रयोग कम करें। इससे व्यवस्था में सुधार दिखेगा और जनप्रतिनिधियों की तरफ से बताई जाने वाली समस्याओं का समाधान भी समय से हो सकेगा। कहा कि अच्छा काम करने वाले अधिकारी शाबाशी पाएंगे, जबकि लापरवाही पर जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि प्रयास सराहनीय है। इस मौके पर सीडीओ सान्या छाबड़ा, एडीएम प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुखसागर मिश्र मधुर, धीरेंद्र सिंह सेनानी आदि मौजूद रहे।