हरदोई। समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य डॉ. राजपाल कश्यप ने प्रदेश सरकार पर सोमवार को जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश सरकार के बजट को झूठ का पुलिंदा बता मजदूरों और किसानों के बकायेदारी पर सवाल खड़ा किया। आजम खां सहित सपा के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के विरुद्ध हो रही कार्रवाई पर कहा कि सपा की सरकार आने पर मुकदमे वापस लिए जाएंगे।
नगर पालिका परिसर में स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में एमएलसी डॉ. राजपाल कश्यप ने कहा कि किसानों और मजदूरों की बात करने वाली भाजपा सरकार बकायेदारी तक नहीं दे पा रही है। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों का आठ हजार करोड़ रुपये से अधिक बकाया है तो हरदोई में ही मनरेगा मजदूरों का 24 करोड़ रुपया बकाया है। उन्होंने कहा कि छुट्टा मवेशियों की वजह से दुर्घटनाओं में लोगों की मौत हो रही है, लेकिन पशु आश्रय स्थल के नाम पर लकीर पीटी जा रही है।
रामपुर के सांसद आजम खां के खिलाफ हो रही कार्रवाई पर राजपाल कश्यप ने कहा कि सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के विरुद्ध फर्जी मुकदमे लिखवाकर सरकार जेल भेज रही है। सपा सरकार आने पर सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यूपी में बेरोजगारी बढ़कर 53 फीसदी हो गई है। उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून पर कहा कि धर्म आधारित कानून बनाया जाना उचित नहीं है। पत्रकार वार्ता में सपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा जीतू, उपाध्यक्ष अजय सिंह पाल, रहमत अली, डीडी वर्मा, अनिल यादव, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, आदर्श दीपक मिश्रा, नीरज अवस्थी, सईद अहमद, हरिनाम यादव, कुक्कू श्रीवास्तव, अमित सिंह मीतू, सूरज वर्मा आदि मौजूद रहे।