माधौगंज। ईंट भट्ठे के मुनीम को फोन पर काम पर न आने और वजह पूछने पर खुदकुशी करने की बात कहकर मजदूर ने फंदा लगाकर जान दे दी। माधौगंज थाना क्षेत्र के रुदामऊ में पेट्रोल पंप के पीछे मजदूर का शव शनिवार दोपहर फंदे से लटका मिला। घटना की वजह परिजन नहीं बता पा रहे हैं।
थाना क्षेत्र के घेघैया निवासी त्रिवेणी (32) गौरा सड़क स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते थे। शनिवार सुबह सात बजे वह घर से भट्ठे पर जाने के लिए निकले थे लेकिन सुबह लगभग पौने नौ बजे उन्होंने भट्ठे के मुनीम जदुवीर को फोन किया। फोन पर कहा कि आज ड्यूटी पर नहीं आएंगे। वजह पूछने पर बता दिया कि फंदा लगाने जा रहे हैं। इसके बाद फोन काट दिया। जदुवीर ने इसकी जानकारी मृतक के परिवार के आनंद और रिंकू को दी। इसके बाद त्रिवेणी की तलाश शुरू की गई।
दोपहर लगभग 12:15 बजे कुछ ग्रामीणों ने रुदामऊ के पास स्थित पेट्रोल पंप के पीछे युवक का शव फंदे से लटके होने की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस जांच कर रही थी तभी मृतक की जेब में पड़ा मोबाइल बजने लगा। पुलिस ने फोन रिसीव कर घटना की जानकारी फोन करने वाले को दी। इसके कुछ देर बाद ही परिजन मौके पर पहुंच गए। मृतक के चाचा रिंकू कुशवाहा ने बताया कि मृतक के परिवार में पत्नी रिंकी, एक बेटी और दो बेटे हैं। थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी नमूने जुटाए हैं। घटना की वजह परिजन नहीं बता पा रहे हैं। त्रिवेणी ने खुदकुशी करने से पहले भट्ठे के मुनीम को इस बारे में बताया था। फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
तीन घंटे 18 मिनट में आईं 31 कॉल, एक भी नहीं रिसीव
त्रिवेणी ने खुदकुशी कर लेने की बात भट्ठे के मुनीम जदुवीर से कही थी। इस पर जदुवीर ने उसके परिजनों को बताया। शव मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो भी उसका फोन बज रहा था। पुलिस से जुड़े विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि तीन घंटे 18 मिनट यानी 8:55 से 12:13 बजे तक 31 मिस्डकॉल त्रिवेणी के मोबाइल में मिली हैं। इनमें तीन मिस्डकॉल त्रिवेणी के साले नवल और चार मिस्ड कॉल गांव निवासी दोस्त चुनमुन की हैं।
फोटो-15-त्रिवेणी। फाइल फोटो