हरदोई। जेठ माह के तीसरे मंगलवार को हनुमान के भजन कीर्तन और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। कई जगह पर भंडारा व शरबत वितरण हुआ। हर जगह मारुति नंदन को समर्पित भजनों का स्वर सुनाई दे रहे थे।
जेठ माह के तीसरे मंगलवार पर शहर के श्री हनुमान मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। शहर के श्री बाला जी महाराज खेतुई में श्रद्धालुओं की भीड़ दरबार से लेकर मुख्य मार्ग तक के द्वार तक लगी रही। इसके अलावा सिद्धिवेश्वर नाथ मंदिर, बाबा विश्वनाथ मंदिर, सिद्धनाथ मंदिर, शिवभोले मंदिर, मौनी बाबा मंदिर, हनुमान मंदिर सिनेमा चौराहा, मां इंद्राणी आदि मंदिरों में हनुमान लला के दर्शन पाने को भक्तों की भीड़ उमड़ी। कलेक्ट्रेट परिसर में भंडारे का शुभारंभ जिलाधिकारी विवेक वार्ष्णेय ने लोगों को प्रसाद वितरण कर किया।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी टीके शिबु, नगर मजिस्ट्रेट जितेंद्र मोहन, मधु शुक्ला, देवेंद्र सिंह, सौरभ दुबे, अमित, राम कुमार सिंह आदि रहे। इसी क्रम में विकास भवन परिसर में हनुमान का विधिवत पूजन करने के बाद बूंदी वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सुनील दत्त अवस्थी, स्टेनो सुरेंद्र कुमार वर्मा, राजीव कुमार सक्सेना, ब्रजेश श्रीवास्तव, अजय दीक्षित, परमेश्वरदीन आदि ने रहे।
इसके अलावा सोल्जर बोर्ड चौराहे, सिनेमा चौराहा, बस बिल्डिंग के सामने, अस्पताल गेट व सांडी रोड पर भंडारे का आयोजन किया गया। बघौली क्षेत्र के धतनखेड़ा गांव में शरबत वितरण का आयोजन किया गया जिसमें मेवाराम, बीरू, हरिश्चंद्र गुप्ता, राजीव सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।