बेनीगंज। दहेज हत्या के आरोपी पति ने मंगलवार सुबह कोतवाली क्षेत्र के अल्लीपुर गांव में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों ने घटना को लेकर कोई आरोप नहीं लगाए हैं। पिता का कहना है कि जेल से जमानत पर छूटने के बाद से मृतक शराब पीने का आदी हो गया था।
अल्लीपुर निवासी सूरज (39) राजमिस्त्री थे। पिता जगरूप ने बताया कि सूरज की पत्नी ने 10 साल पहले आग लगाकर खुदकुशी कर ली थी। मामले में सूरज के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज हुआ था। तीन साल तक जेल में रहने के बाद सूरज को जमानत मिल गई थी। 14 मई को तारीख पर उसे कचहरी जाना था।
मंगलवार सुबह बच्चों को डांटने के बाद वह अपने कमरे में चला गया था। कुछ देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने दरवाजे पर दस्तक दी लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। किसी तरह दरवाजा खोला गया तो अंदर राजमिस्त्री का शव गमछे के फंदे से लटका मिला। मृतक के परिवार में पिता जगरूप, मां गंगादेवी, एक बेटी और दो बेटे हैं। कोतवाल मार्कंडेय सिंह ने बताया कि मृतक शराब पीने का आदी था। पिता की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों ने घटना को लेकर कोई आरोप नहीं लगाए हैं।