मल्लावां (हरदोई)। नगर के मोहल्ला श्यामपुर स्थित गौरीशंकर मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा व विष्णु महायज्ञ का शुभारंभ मंगलवार को कलश यात्रा निकालकर किया गया। कथा व्यास जितेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रीमद्भागवत कथा के महत्व के बारे में बताया।
कहा कि भागवत का अर्थ है भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और तपस्या। भागवत कथा सुनने से मनुष्य के अंदर इन चारों गुणों का समावेश होता है। कथा को सुनने के लिए स्वयं भगवान भोलेनाथ माता पार्वती के साथ कैलाश पर्वत से पृथ्वी पर आए थे। कथा सुनने से मनुष्य के अलावा प्रेत योनि को भी मोक्ष की प्राप्ति होती है और संसार के समस्त प्रकार के भय दूर होते हैं।
राजा परीक्षित की भांति कथा सुनकर मनुष्य मोक्ष की प्राप्ति कर सकता है। इस दौरान गायक हेमू तिवारी, शिवविलास द्विवेदी, किशन मिश्रा, लालजी व संतोष शर्मा ने भजन सुनाकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। इस मौके पर आयोजक दंडी स्वामी कमिला स्वरूप महाराज के साथ अन्य भक्तजन मौजूद रहे।