हरदोई। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के बैनर तले केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ 16 व 17 मार्च को व्यापारी लखनऊ में धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसमें लिए मंगलवार को व्यापारियों ने बैठक कर रणनीति बनाई।
जिलाध्यक्ष विमलेश कुमार दीक्षित ने कहा कि राज्य सरकार से स्वतंत्र भयमुक्त व्यापार, मंडी शुल्क की समाप्ति, वैट की दरें कम करते हुए शुरुआती दरें लागू रखना, बिजली की दरों में कमी करना, हाउस टैक्स व वाटर टैक्स का पुनरीक्षण, राज्यसभा व विधान परिषदों में व्यापारियों को प्रतिनिधित्व दिए जाने की मांग की जा रही है।
जिला महामंत्री अजय कुमार टंडन ने कहा कि जीएसटी में प्रथम बिंदु पर कर लगाया जाना चाहिए। टोल टैक्स पूर्णतया समाप्त किया जाए। खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम को सरल बनाया जाए। नगद खरीद पर पैन कार्ड की आवश्यकता की सीमा बढ़ाकर पांच लाख रुपये की जाए।
व्यापारियों को बैंक से कर्ज लेने के लिए क्रेडिट कार्ड बनवाए जाए। लक्ष्मण मेला मैदान लखनऊ में 16 व 17 मार्च को होने वाले प्रदर्शन में 17 मार्च को जिले के व्यापारी भी भाग लेेंगे। जबकि 16 मार्च को प्रदेश के अन्य जिले सहभागिता करेंगे। इस मौके पर अजय कुमार टंडन, राजन द्विवेदी, विभु गुप्ता, रजनीश गुप्ता आदि मौजूद रहे।