हरदोई। शाहजहांपुर से रोजा के बीच हाईटेंशन लाइन में फाल्ट होने की वजह से बुधवार को जिले में मेन सप्लाई फेल हो गई। जिसके कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब पांच घंटे बाद सप्लाई शुरू होने पर लोगों ने राहत महसूस की।
बुधवार को सुबह करीब पौने 11 बजे बिजली गुल हो गई जिससे लोगों का गर्मी से हाल बुरा हो गया। विभागीय अधिकारी ने पहले तो बताया कि अघोषित कटौती हो गई लेकिन बाद में शाहजहांपुर से रोजा के बीच हाईटेंशन लाइन में फाल्ट आने की जानकारी दी गई। जिस वजह से जिले की आपूर्ति दिन भर बाधित रही। इधर, बिजली के अभाव में घराें में भी कामकाज प्रभावित रहा। वहीं विद्युत चलित मशीनरी व कल-कारखाने भी बंद रहे।
आटा चक्की व कोल्हू बंद होने से व्यापारियों को भी नुकसान हुआ और गांव से आए लोगाें को भी काम पूरा न होने की वजह से मायूस होकर लौटना पड़ा।वहीं जब दोपहर बाद पौने चार बजे आपूर्ति सुचारू हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली। लेकिन इसके बाद भी बिजली की आवाजाही लगी रही। जिससे घरों में रखे इन्वर्टर भी ठप हो गए। उपखंड अधिकारी पारेषण अजीत कुमार सिंह ने बताया कि शाहजहांपुर में हाईटेंशन लाइन ब्रेक डाउन हो जाने की ही सूचना प्राप्त हुई थी जिस वजह से जिले में करीब पांच घंटे बिजली आपूर्ति नहीं की जा सकी।