हरदोई। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में ब्लॉकों पर तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों को दिवाली पर मानदेय मिलने जा रहा है। आवास योजना की प्रशासनिक मद में शासन ने रुपये दिए हैं। जल्द ही प्रक्रिया पूरी कराते हुए कंप्यूटर ऑपरेटरों के खातों में मानदेय भेजा जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में जिला मुख्यालय पर कंप्यूटर प्रोग्रामर सहित ब्लाॅकों पर कंप्यूटर ऑपरेटर तैनात हैं। इन कंप्यूटर ऑपरेटरों को योजना की प्रशासनिक मद से मानदेय दिए जाने की व्यवस्था है। प्रशासनिक मद में रुपये न होने से मानदेय का भुगतान नहीं हो सका। वहीं अब शासन ने योजना की मद में रुपये दिए हैं। इससे कंप्यूटर प्रोग्रामर सहित ऑपरेटरों के मानदेय का भुगतान किए जाने की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है।
योजना के नोडल अधिकारी जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक अशोक कुमार मौर्य ने बताया कि प्रशासनिक मद में करीब 24 लाख रुपये मिले हैं। इसी मद से अन्य भुगतानों के साथ ही कंप्यूटर ऑपरेटरों के मानदेय का प्राथमिकता पर भुगतान कराया जा रहा है ताकि कंप्यूटर ऑपरेटरों के बकाया के साथ चालू माह का भी मानदेय मिलने से उनकी और परिवार की दिवाली उल्लास के साथ रोशन हो सके।