हरदोई। कोरोना संक्रमण के बीच अन्नदाताओं के लिए कुछ राहत भरी खबर है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत जिले के छह लाख 81 हजार किसानों के खातों में 136 करोड़ 21 लाख 40 हजार की राशि भेजी गई है। खातों में पैसा पहुंचने और मोबाइल पर एसएमएस का मैसेज देख जिले के किसानों के चेहरे पर भी खुशी झलकती दिखाई दी।
उप कृषि निदेशक आशुतोष मिश्रा ने बताया कि जनपद के छह लाख 81 हजार 70 किसानों के खातों में पीएम किसान निधि की किस्त के रूप में प्रत्येक को दो हजार की राशि भेज दी गई है।
इसकी अधिकारिक जानकारी सभी किसानों को मिल गई है। यह धनराशि सभी किसानों के सीधे खाते में भेज दी गई है। जिले के किसानों के लिए किसान सम्मान निधि के रूप में 136 करोड़ 21 लाख 40 हजार की राशि भेजी गई है।
किसानों को यह राशि प्राप्त भी हो रही है। मैसेज के द्वारा किसानों को जानकारी मिल गई है और उनके चेहरे पर कहीं न कहीं खुशी भी झलक रही है। कृषि निदेशक ने बताया कि कोरोना काल में जहां हर जगह से मायूसी व बीमारी की खबरें आ रहीं हैं वहीं किसानों के लिए यह किश्त राहत भरी है।
कोई परेशानी हो तो यहां कर सकते बात
- पीएम किसान टोल फ्री नंबर - 1800115526
- पीएम किसान हेल्पलाइन नंबर - 155261
- पीएम किसान लैंडलाइन नंबर - 011-23381092
- पीएम किसान की नई हेल्पलाइन - 011-24300606